आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित मुजफ्फरनगर, 8 सितंबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित


मुजफ्फरनगर, 8 सितंबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान, नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को साड़ी वितरण तथा सैम-मैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के प्रशस्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का जनपद स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र कार्यालय स्थित मानेकशॉ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा और सुना।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, प्रशासक जिला पंचायत वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिला अध्यक्ष संजय राठी, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी संजय कुमार और कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार ने 1 आंगनबाड़ी कार्यकत्री तथा 14 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही 50 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 50 सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सैम-मैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए 25 बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।


राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं देश के भविष्य, यानी बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना काल के दौरान भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने बिना संकोच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि की है। पहले 3 हजार रुपये के स्थान पर 8 हजार रुपये किए गए और अब 8 हजार रुपये के स्थान पर 12 हजार रुपये मानदेय किए जाने की घोषणा की गई है। इसी प्रकार सहायिकाओं का मानदेय पहले 1500 रुपये से बढ़ाकर 4 हजार रुपये किया गया और अब 4 हजार रुपये के स्थान पर 6 हजार रुपये किए जाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा साड़ी के लिए बढ़ा हुआ मानदेय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ कैशलेस सुविधा जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की जिम्मेदारी केवल बच्चों की देखभाल तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ और बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के कार्य में और गति लाने तथा देश को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिला अध्यक्ष संजय राठी और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय, स्वास्थ्य एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य घोषणाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य  डॉ राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles