
छात्राओं को लगाया एचपीवी का टीका, बीमारी से बचाव की दी जानकारी
छात्राओं को लगाया एचपीवी का टीका, बीमारी से बचाव की दी जानकारी

शाहपुर। गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर की टीम द्वारा अमरनायक स्वामी राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के परिसर में छात्राओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. ओपी जयसवाल के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान कॉलेज की करीब 200 छात्राओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को टीकाकरण के महत्व तथा एचपीवी से होने वाली संभावित बीमारियों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को बताया कि एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। छात्राओं को टीके के महत्व, इसके लाभ तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्राओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने का आह्वान किया।
टीकाकरण अभियान एआरओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में संचालित हुआ। इस दौरान बीसीपीएम रमेश सिंह सहित एएनएम बबीता, रामेश्वती, मुन्नी देवी, सोनू, रश्मि, नीरज आदि स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्राओं का टीकाकरण किया। टीकाकरण से पूर्व स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्राओं की आवश्यक जानकारी ली और टीका लगाए जाने के बाद उन्हें आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।
कॉलेज परिसर में आयोजित इस अभियान को लेकर छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि किशोरियों को एचपीवी संक्रमण के प्रति जागरूक करना और समय से टीकाकरण कराना बीमारी की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कॉलेज प्रबंधन सहित प्रधानाचार्य डॉ त्रिवेन्द्र कुमार व सुनील कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।











