
हर घर तिरंगा अभियान के समापन पर कस्तूरबा गांधी विद्यालय में गूंजे देशभक्ति के स्वर
हर घर तिरंगा अभियान के समापन पर कस्तूरबा गांधी विद्यालय में गूंजे देशभक्ति के स्वर

शाहपुर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के समापन अवसर पर सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय शाहपुर में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने उत्साह और जोश के साथ देशभक्ति गीतों, नारों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत के वीर शहीदों को नमन किया। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ और देशभक्ति नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक जनपद में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में विभिन्न देशभक्ति, सांस्कृतिक, रंगारंग, जनजागरूकता एवं सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इसी क्रम में अभियान के अंतिम दिन कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय शाहपुर में विशेष राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालिकाओं ने ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा’, ‘घर-घर तिरंगा’ तथा ‘भारत की आन-बान-शान तिरंगा’ जैसे नारों के साथ देशभक्ति की भावना का संदेश दिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान भारत के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने देशभक्ति प्रस्तुतियां देने वाली बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय शाहपुर की वार्डन एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय की बालिकाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और देशभक्ति नारों के साथ हुआ।











