
डेयरी उद्घाटन पर हुआ वैदिक यज्ञ, युवाओं से मोबाइल की लत छोड़ने का आह्वान
डेयरी उद्घाटन पर हुआ वैदिक यज्ञ, युवाओं से मोबाइल की लत छोड़ने का आह्वान

शाहपुर। क्षेत्र के गांव गोयला में श्रावणी पर्व के तीसरे दिन मास्टर धीर सिंह आर्य के यहां नवस्थापित पशु डेयरी के उद्घाटन के अवसर पर वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के पुरोहित मास्टर जितेंद्र सिंह आर्य रहे, जबकि यज्ञमान अभिषेक बालियान, सुपुत्र कर्मवीर सिंह रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर नवदंपति एवं परिवार को शुभकामनाएं दीं।
यज्ञ के दौरान अपने उद्बोधन में मास्टर जितेंद्र सिंह आर्य ने कहा कि यदि नवयुवकों को जीवन में सफलता प्राप्त करनी है तो उन्हें देर रात तक जागने और मोबाइल की अनावश्यक लत से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि समय पर सोना, प्रातःकाल जल्दी उठना तथा अनुशासित जीवन अपनाना सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने बताया कि मोबाइल व्यक्ति के विचारों और संस्कारों का प्रतिबिंब बन जाता है। यदि उसमें सकारात्मक और ज्ञानवर्धक सामग्री देखी जाए तो वही आदत विकसित होती है, जबकि गलत सामग्री देखने से व्यक्ति के विचार भी उसी दिशा में प्रभावित होते हैं। उन्होंने युवाओं से आर्य समाज, यज्ञ और अच्छे संस्कारों से जुड़ने का आह्वान किया।
मास्टर हरवीर सिंह आर्य ने डेयरी व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता, परिश्रम और आपसी विश्वास किसी भी व्यवसाय की सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपना दायित्व स्वयं निभाना चाहिए तथा नियमित यज्ञ और सत्संग से जुड़कर बुरी संगति एवं फास्ट फूड जैसी गलत आदतों से बचना चाहिए।
योगाचार्य राजेंद्र दरोगा एवं सुनील आर्य दरोगा ने भी युवाओं को आशीर्वाद देते हुए मिल-जुलकर कार्य करने, आर्य समाज के सिद्धांतों को अपनाने तथा संस्कारित जीवन जीने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सुरेंद्र आर्य, रणवीर सिंह, कृष्णपाल, अनुज बालियान, मास्टर जितेंद्र बालियान (आरपीएस पब्लिक स्कूल), सतेंद्र फौजी, गगन बालियान, गुड्डू बालियान, मास्टर धीर सिंह आर्य, संजीव जांगिड़, विराट आर्य, मुकुल बालियान, कार्तिक, राजपाल बालियान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











