
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, मुजफ्फरनगर में हुआ भव्य जनपदीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, मुजफ्फरनगर में हुआ भव्य जनपदीय कार्यक्रम

मुजफ्फरनगर, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के अवसर पर जनपद स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी स्थित ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर से मुख्यमंत्री द्वारा योजना के शुभारंभ का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने देखा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, भोजन माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के लिए एमओयू का निष्पादन किया गया। साथ ही बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक एवं भोजन माताओं को सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए।
इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 10 विद्यार्थियों को स्कूल किट, जिसमें यूनिफॉर्म, बैग, जूते, मोजे, स्वेटर एवं स्टेशनरी शामिल थी, प्रदान की गई। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के आठ प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री के संबोधन में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं भोजन माताओं को योजना की शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति विद्यार्थी 1200 रुपये की धनराशि भेजी जा रही है, जिससे यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर और स्टेशनरी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
वर्चुअल संबोधन में बेसिक शिक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का कार्य भी करते हैं। शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग को पूरा कर सरकार ने उनके सम्मान और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था, नकलविहीन परीक्षाओं और कानून व्यवस्था में हुए सुधारों की सराहना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने योजना को शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों के लिए ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रतिवर्ष स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने सभी अतिथियों को पौधे भेंट कर आभार व्यक्त किया।











