
अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर बुढाना में जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार का लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर बुढाना में जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार का लिया संकल्प

बुढाना। अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय/सभाकक्ष बुढाना में जनजागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 की थीम “एकल-उपयोग प्लास्टिक से मुक्ति: एक स्थायी भविष्य की ओर” के तहत लोगों से कपड़े, जूट एवं पेपर बैग अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
यह कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन तथा अभिनव राज के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन डॉ राजीव कुमार द्वारा किया गया।
कार्यशाला में उपस्थित अतिथि रिया सिंह तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी सुमन तोमर का स्वागत डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों तथा इसके विकल्पों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर “प्लास्टिक का थैला, पर्यावरण करे मैला” विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागी रश्मि को डॉ. राजीव कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस प्रतिवर्ष 03 जुलाई को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक बैग के पर्यावरण पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। प्लास्टिक प्रदूषण महासागरों, नदियों और भूमि को प्रभावित करने के साथ-साथ वन्यजीवों के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। इसके अतिरिक्त प्लास्टिक उत्पादन में जीवाश्म ईंधन की खपत बढ़ने से जलवायु परिवर्तन की समस्या भी गहराती जा रही है।
कार्यक्रम में बताया गया कि कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग जैसे छोटे-छोटे कदम भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सामुदायिक जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से ही प्लास्टिक प्रदूषण को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है।
कार्यशाला के सफल आयोजन में सुपरवाइजर शिवानी एवं दीपा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना बुढाना की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया गया।











