7 अक्टूबर को बघरा आश्रम में होगा 24वां वार्षिकोत्सव व विराट हिंदू महासम्मेलन
7 अक्टूबर को बघरा आश्रम में होगा 24वां वार्षिकोत्सव व विराट हिंदू महासम्मेलन



शाहपुर। योग साधना यशवीराश्रम बघरा के संस्थापक स्वामी यशवीर महाराज ने शुक्रवार को कस्बे में जनसभा कर सनातनी समाज के लोगों से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने सभी हिंदू वीरों एवं वीरांगनाओं को आगामी 7 अक्टूबर को योग साधना यशवीराश्रम बघरा में आयोजित होने वाले 24वें वार्षिकोत्सव, संकट मोचन मनोकामना पूर्ण प्राचीन महायज्ञ एवं विराट हिंदू महासम्मेलन में पहुंचने का निमंत्रण दिया।
कस्बे में आरएसएस कार्यवाह एवं एडवोकेट संदीप बंसल के प्रतिष्ठान पर पहुंचे स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि ईश्वर ने मनुष्य को सनातन धर्म में मानव जीवन प्रदान किया है। प्रत्येक सनातनी को समाज के साथ-साथ धार्मिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार की महिलाओं और बच्चों को भी धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित किया जाना चाहिए, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की जानकारी मिल सके।
स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि पशु-पक्षी भी अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, लेकिन मनुष्य अपने परिवार के साथ-साथ समाज और धर्म के प्रति भी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकता है। उन्होंने सभी सनातनी समाज के लोगों से 7 अक्टूबर को बघरा आश्रम पहुंचकर महायज्ञ एवं विराट हिंदू महासम्मेलन में सहभागिता करने का आह्वान किया।
इस दौरान एडवोकेट संदीप बंसल, पत्रकार रविंद्र कुमार, ऋषिपाल सैनी एडवोकेट, डॉ. मोहित शर्मा, डॉ. राजीव कुमार, सतीश त्यागी, सुशील सैनी, प्रवीण सैनी, मिंटू काशीवाल, श्याम लाल सैनी, अनमोल बंसल, आशीष बंसल, विपिन बंसल, नवीन रोहिला, डॉ. आशु सैनी उमरपुर, ऋतिक ठाकुर, शुभा सैनी सहित बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे।











