11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में ‘आयुर्वेद को जानो’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित छात्राओं को आयुर्वेदिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति किया जागरूक

11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में ‘आयुर्वेद को जानो’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित
छात्राओं को आयुर्वेदिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति किया जागरूक


शाहपुर। “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के साथ 23 सितंबर को मनाए जाने वाले 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज, काकड़ा में आयुर्वेद जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी गई।


कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल के मार्गदर्शन में समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए “आयुर्वेद को जानो” विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


आयुर्वेद जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आयुर्वेद के जनक एवं प्रमुख आचार्यों, आयुर्वेद के लाभ, संतुलित आहार, दैनिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग, हेल्दी एजिंग तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।


कार्यक्रम में आयुर्वेदिक आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए सभी प्रतिभागियों को प्रधानाचार्या द्वारा शपथ भी दिलाई गई। छात्राओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


“आयुर्वेद को जानो” विषय पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों आफिया, फलक, सानिया, अनु, संजना, फायजा एवं सोफिया को उपहार भेंट कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस वर्ष की “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम निवारक स्वास्थ्य देखभाल, कल्याण और टिकाऊ जीवनशैली में आयुर्वेद के संभावित योगदान को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि बदलते स्वास्थ्य एवं वेलनेस परिदृश्य में आयुर्वेद की भूमिका को मजबूत करने के लिए प्रमाण, नवाचार, गुणवत्ता, पेशेवर क्षमता और जिम्मेदार वैश्वीकरण पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजुला, प्रवक्ता श्रीमती अंजली, सुश्री रवीना एवं सुश्री काजल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को संदेश दिया गया कि “आयुर्वेद अपनाएं, स्वस्थ भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।”


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles