
नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नाबालिग किशोरी के अपहरण का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शाहपुर। थाना बुढाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाना शाहपुर में तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार वह क्षेत्र के एक गांव की राठान के कोल्हू में परिवार सहित रहकर कार्य करता है। शुक्रवार शाम उसकी पत्नी और 14 वर्षीय पुत्री शाहपुर कस्बे में घरेलू सामान लेने के लिए जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में पुरकाजी क्षेत्र के एक युवक ने उनकी पुत्री को रोक लिया और जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा।
पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी ने युवक का विरोध किया और शोर मचाया, लेकिन आरोपी कथित रूप से जबरदस्ती किशोरी को उठाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल थाना शाहपुर पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
शाहपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।











