ऑपरेशन ‘सवेरा’ में बड़ी कामयाबी: 4 तस्कर गिरफ्तार, 3.8 किलो चरस बरामद

ऑपरेशन ‘सवेरा’ में बड़ी कामयाबी: 4 तस्कर गिरफ्तार, 3.8 किलो चरस बरामद

मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि “ऑपरेशन सवेरा” के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.802 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 25 अप्रैल 2026 की रात थाना शाहपुर पुलिस टीम धनायन रोड पर सोरम रजवाहे की पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सोरम गांव की ओर से चार व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी से उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन वे घबराकर पीछे मुड़ने लगे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र दिलशाद उर्फ काला निवासी ग्राम परासौली, रिजवान पुत्र बाबू निवासी ग्राम परासौली, शाहनवाज पुत्र तौसीम निवासी ग्राम परासौली थाना बुढाना तथा नसरुद्दीन उर्फ सोनू पुत्र शरीफ निवासी ग्राम बलई थाना मोतीपुर जनपद बहराईच के रूप में हुई है। सभी की उम्र 24 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.802 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह चरस उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी और गांव-गांव जाकर राह चलते लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में थाना शाहपुर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच कर रही है।
इस सराहनीय कार्य के लिए थाना शाहपुर पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है और आम जनता ने भी पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles