
शाहपुर कन्या इण्टर कालेज का हाई स्कूल व इण्टर का परीक्षा परिणाम घोषित।
शाहपुर कन्या इण्टर कालेज का हाई स्कूल व इण्टर का परीक्षा परिणाम घोषित।

शाहपुर। क्षेत्र की प्रमुख शिक्षण संस्था शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया। इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहद शानदार रहा। हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 97.29% दर्ज किया गया, जो संस्था की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।
हाई स्कूल वर्ग में छात्रा अरीबा ने 80.5% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनम पुत्री ग़ालिब ने 79.83% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आदिया ने 75.33% अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त मानसी सैनी 72.5% अंक के साथ चतुर्थ तथा सायमा 72% अंक प्राप्त कर पंचम स्थान पर रहीं। सभी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इंटरमीडिएट वर्ग में हमजा ने 74.6% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सना मलिक 74.4% अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि पायल सैनी ने 72.6% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। सलोनी ने 72.2% अंकों के साथ चतुर्थ तथा सेमा ने 71.8% अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में छात्राओं एवं उनके अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्राओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अरविंद गुप्ता एवं प्रधानाचार्या उषा अस्थाना ने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग एवं शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय की समस्त अध्यापिकाओं ने भी छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। यह परिणाम एक बार फिर साबित करता है कि शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है।











