
योग में चमका शाहपुर का सितारा: शिवम गोस्वामी को महर्षि पतंजलिअंयोगतर्राष्ट्रीय योग रत्न अवार्ड 2026
योग में चमका शाहपुर का सितारा: शिवम गोस्वामी को महर्षि पतंजलिअंयोगतर्राष्ट्रीय योग रत्न अवार्ड 2026

शाहपुर। क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी वर्ल्ड चैंपियन शिवम गोस्वामी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए “महर्षि पतंजलि अंतर्राष्ट्रीय योग रत्न अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों ने इसे अपने क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है।
गांव काकड़ा निवासी राजपाल गोस्वामी के पुत्र शिवम गोस्वामी को योग एवं खेलों में उनके शानदार प्रदर्शन और विश्व स्तर पर बनाए गए रिकॉर्ड्स के आधार पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें ऋषिकेश योग महोत्सव 2026 के दौरान प्रदान किया गया, जहां देश-विदेश के योग साधक एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. विपिन जोशी, उत्तराखंड सरकार के मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, योगीराज स्वामी जितानंद जी एवं स्वामी सुनील भगत जी ने उन्हें सम्मानित किया।
शिवम गोस्वामी ने योग के क्षेत्र में न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश का परचम लहराया है। योगासन में उनके द्वारा बनाए गए कई विश्व रिकॉर्ड पहले ही उन्हें एक अलग पहचान दिला चुके हैं। फरवरी 2026 में उन्होंने दो और नए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर अपनी उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा, जिससे उनकी प्रतिभा और समर्पण का एक बार फिर प्रमाण मिला।
इसके अलावा वर्ष 2024 में दुबई में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में शिवम गोस्वामी ने भारत के लिए दो स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी सफलता हासिल की थी। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया।
वर्तमान में शिवम गोस्वामी एक नेशनल योग कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं और युवाओं को योग के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
शिवम की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











