पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, दो घायल, चोरी की सैंट्रो कार व अवैध शस्त्र बरामद

पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, दो घायल, चोरी की सैंट्रो कार व अवैध शस्त्र बरामद


शाहपुर (मुजफ्फरनगर), 12 अप्रैल। थाना शाहपुर पुलिस ने बीती रात एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान अन्तरजनपदीय स्तर के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई सैंट्रो कार और अवैध शस्त्र भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को ग्राम बसीकलां निवासी शाहबेज खान ने थाना शाहपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उसके घेर का ताला तोड़कर उसकी सैंट्रो कार (नंबर UP11U2520) चोरी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।


रात के समय पुलिस टीम सोरम पुलिया पर चेकिंग कर रही थी, तभी धनायन की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। कार सवार पुलिस को देखकर भागने लगे और वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर नीचे उतर गई और बंद हो गई।
इसके बाद कार सवार तीनों बदमाश वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने गोलीबारी जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें तालिब पुत्र मुस्तफा और नाजिम पुत्र बाबू अली घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी पोली उर्फ जूबेर पुत्र इमरान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी की गई सैंट्रो कार, तीन तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस (315 बोर) बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मेरठ जनपद के थाना सरूरपुर क्षेत्र के ग्राम हर्रा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तालिब और नाजिम पर विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है।
थाना शाहपुर पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल मुठभेड़ को लेकर क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की जा रही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles