गोकुलपुर में हवन-पूजन संपन्न, महंत यशवीर महाराज ने सनातन संस्कृति की रक्षा का किया आह्वान
गोकुलपुर में हवन-पूजन संपन्न, महंत यशवीर महाराज ने सनातन संस्कृति की रक्षा का किया आह्वान

शाहपुर। कस्बे के मौहल्ला गोकुलपुर में बुधवार को आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रम विधिवत रूप से श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह धार्मिक आयोजन पूरन सिंह सैनी के नव निर्माणाधीन आवास पर आयोजित किया गया, जिसमें बघरा स्थित यशविराश्रम योग साधना केंद्र के पीठाधीश्वर महंत यशवीर महाराज ने वैदिक विधि-विधान से हवन-पूजन कराया। हवन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था के साथ आहुतियां अर्पित कीं।
हवन-पूजन में ब्रह्मा की भूमिका में स्वामी यशवीर महाराज एवं मृगेंद्र जी महाराज उपस्थित रहे। यजमान के रूप में वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर के भाई संदीप सैनी अपनी धर्मपत्नी के साथ सपत्नीक शामिल हुए। विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात गृह शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना की गई।

हवन के उपरांत महंत यशवीर महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दशकों से योजनाबद्ध साजिशें रची जा रही हैं। उनके अनुसार देश के भीतर भी कुछ बड़े राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के साथ-साथ मुंबई फिल्म उद्योग के माध्यम से ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य सनातन और सनातनी विचारधारा को कमजोर करना है।
महंत यशवीर महाराज ने कहा कि इन प्रभावों का असर हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि फिल्मों और आधुनिक माध्यमों में दिखाए जाने वाले परिधान, प्रतीक और जीवनशैली का समाज, विशेषकर युवाओं पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। परिणामस्वरूप युवा वर्ग अपनी पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक प्रतीकों और संस्कारों से दूर होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में परंपरागत रूप से लाल, पीला और भगवा धागा धारण करने तथा पैरों तक वस्त्र पहनने की परंपरा रही है, जो हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है।
अपने संबोधन में महंत यशवीर महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने आराध्य भगवान की नियमित पूजा करें और अपने धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सजग रहें। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा केवल विचारों से नहीं, बल्कि आचरण, एकता और निरंतर प्रयास से संभव है।
कार्यक्रम में डॉ गौरव सैनी, विजय चौधरी,डॉ प्रदीप चौहान, दीपक पंघाल, अरविन्द पाल, नगर सभासद सोनू सैनी, मनोज सिंघल,सौरभ त्यागी, विजय गोयल, नवीन राणा, हरवीर प्रजापति, डॉ नीटू सैनी, हरिओम पुंढीर, संदीप जैन सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं युवा उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।











