
नगर पालिका परिषद में महिला शक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत शिक्षा, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, पोषण, कला और समाज कल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को पगड़ी, शॉल एवं पौधा भेंटकर किया सम्मानित
नगर पालिका परिषद में महिला शक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत शिक्षा, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, पोषण, कला और समाज कल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाओं को पगड़ी, शॉल एवं पौधा भेंटकर किया सम्मानित

मुजफ्फरनगर। “सशक्त नारी-समृद्ध प्रदेश” और “शक्ति वंदन-नारी शक्ति अभिनंदन” के संदेश के साथ नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा नवरात्र के पावन अवसर पर सभागार में भव्य महिला शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने की। समारोह में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिला शक्ति को सम्मानित किया गया।
समारोह में पुलिस विभाग, शिक्षा, आंगनवाड़ी, एएनएम, चिकित्सा, स्वास्थ्य, पोषण, संगीत, कला और समाज कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित महिलाओं को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा लाइव पौधा भेंटकर उनके योगदान की सराहना की गई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और सामाजिक प्रतिष्ठा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान दिलाना तथा समाज में महिला सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज और प्रदेश की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनके योगदान का सम्मान करना सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने उपस्थित अतिथियों, सम्मानित महिलाओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के सभासद भी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीमती पलाक्षा मैनवाल, श्रीमती रुचि शर्मा तथा ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के माध्यम से महिला शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।











