
कांकड़ा में आरएसएस शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित
कांकड़ा में आरएसएस शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित

शाहपुर। क्षेत्र के गांव कांकड़ा स्थित रामलीला मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य संघ के 100 वर्षों की यात्रा, उसके कार्यों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बघरा स्थित योग साधना केंद्र यशविराश्रम के पीठाधीश स्वामी यशवीर महाराज उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने हिंदू समाज को एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज को तोड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर अनेक प्रकार की चुनौतियां सामने आ रही हैं। उन्होंने जातिवाद, छुआछूत एवं ऊंच-नीच जैसी कुरीतियों को त्यागकर राष्ट्र और धर्म के प्रति समर्पित रहने का संकल्प दिलाया। साथ ही समाज में जागरूकता, संगठन और आत्मरक्षा की भावना को मजबूत करने पर बल दिया।
मुख्य वक्ता के रूप में संघ के मेरठ प्रांत के सह-कारवाह सेवादास जी ने शताब्दी वर्ष की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि संघ ने पिछले 100 वर्षों में सेवा, संगठन और संस्कार के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाई है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य राष्ट्र को मजबूत बनाना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
संघ की सेविका समिति की जिला बौद्धिक प्रमुख कुसुम बंधु ने अपने संबोधन में संघ के इतिहास, उसके सेवा कार्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और युवतियों से राष्ट्र रक्षा एवं धर्महित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में हिंदू सम्मेलन समिति ने सम्मेलन में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मदन सैनी, जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी, प्रमोद, नीरज प्रधान, अमित बालियान, नीरज बालियान, सुबोध शर्मा, सौदीप सैनी, यशपाल, धनपत कश्यप, कर्ण सिंह, हरेंद्र गिरी, सुमन देवी, बबीता, पूनम, देवीकला, राजबीरी, बेबी, अनिता, सुदेशना, कविता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।











