12 घंटे में हत्या का खुलासा: शाहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 2घायल आरोपियों सहित 3 गिरफ्तार ।

12 घंटे में हत्या का खुलासा: शाहपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 2घायल आरोपियों सहित 3 गिरफ्तार ।

शाहपुर।थाना पुलिस ने  सनसनीखेज वारदात का मात्र 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने
घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 24/25 अप्रैल 2026 की रात थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव हरसौली स्थित एक ट्यूबवेल पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान के प्रयास शुरू किए। बाद में मृतक की पहचान राजा उर्फ अरुण पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम ऊन पट्टी लाखिया, थाना झिंझाना (जनपद शामली) के रूप में हुई।


पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों—राजीव उर्फ राजू, सोहनवीर उर्फ पिंटू और विकास—के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
25 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के आरोपी सांझक गांव के पास एक आम के बाग में छिपे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी—सोहनवीर उर्फ पिंटू और विकास—घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी राजीव उर्फ राजू को कांबिंग के दौरान पकड़ा गया।


घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन अवैध तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक राजा उर्फ अरुण उनका परिचित था। घटना वाले दिन सभी लोग हरसौली के एक ट्यूबवेल पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया, जो इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पास में पड़ी ईंट से अरुण के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए और बाग में छिप गए थे।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सोहनवीर उर्फ पिंटू और विकास का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिन पर पहले से कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना शाहपुर की पुलिस टीम ने बहादुरी और तत्परता का परिचय दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles