50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 40 से अधिक मुकदमों में था वांछित

50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में ढेर, 40 से अधिक मुकदमों में था वांछित


मुजफ्फरनगर। जनपद की बुढाना, तितावी एवं शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय लुटेरे/डकैत अमजद पुत्र जिलेदीन निवासी ग्राम हरसौली, थाना शाहपुर को घायलावस्था में गिरफ्तार किया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि क्षेत्राधिकारी बुढाना और प्रभारी निरीक्षक बुढाना की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।
पुलिस के अनुसार थाना बुढाना क्षेत्र में हुई दो लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे अमजद पर 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित था। गुरुवार रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अपराधी किसी बड़ी वारदात की फिराक में बुढाना की ओर आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी की तो मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की गाड़ी में लगी।
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागे। एक खड़ी फसल में और दूसरा पास के खंडहर में छिप गया। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी, जिसमें उ0नि0 संदीप कुमार व का0 इश्फाक अली घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जिसे अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
मृतक अमजद के कब्जे से एक देशी कार्बाइन 9 मिमी, एक पिस्टल .32 बोर, भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, सोने-चांदी की अंगूठियां, आधार-पैन-एटीएम कार्ड तथा 4,370 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमजद शातिर किस्म का अपराधी था, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, बिहार व उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों में लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट सहित 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2021 में चूरू (राजस्थान) में 7 करोड़ 70 लाख रुपये के आभूषणों की डकैती तथा वर्ष 2017 में नई मंडी क्षेत्र में हत्या की घटना में भी उसका नाम शामिल था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है तथा फरार आरोपी की तलाश में सघन अभियान चलाया जा रहा है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles