होली मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश
होली मिलन समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश

शाहपुर। क्षेत्र के गांव पलड़ी में गांव प्रधान मोनू सैनी के तत्वाधान में बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का होली मिलन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक अनुशासित और मजबूत कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। उन्होंने सभी से अपील की कि होली के पर्व पर आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करें और संगठन को मजबूत बनाएं।
डॉ. बालियान ने कहा कि समारोह में बुढ़ाना विधानसभा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित हैं, जो संगठन की मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे एकजुटता के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के बाद जनपद में प्रस्तावित कई बड़े विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और विकास की गति धीमी पड़ी है, जिसे तेज करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। साथ ही उन्होंने सभी से आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की।


पूर्व विधायक उमेश मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और सांप्रदायिक दंगों पर प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में समाज का शोषण और उत्पीड़न होता था, जबकि भाजपा शासन में सभी वर्ग सम्मान के साथ जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक लोग पार्टी को जातिवाद में बांटकर कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता ऐसे तत्वों को मुंहतोड़ जवाब देकर संगठन को मजबूत बनाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मनमुटाव दूर कर बुढ़ाना विधानसभा में एकजुट होकर पार्टी के अभियानों को गति दें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष शर्मा ने भी संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को मिलजुलकर काम करने की सीख दी।
समारोह को जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन ठाकुर रामनाथ सिंह, ब्लॉक प्रमुख अरविंद त्यागी, भाजपा नेता श्याम पाल सिंघल, प्रमोद कश्यप और बुढ़ाना विधानसभा के संयोजक व पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी ने भी संबोधित किया।
oplus_256इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन राजेश सिंघल, जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र शर्मा, नरेश पाल सिंह, समाजसेवी उमेश मित्तल, ब्रजपाल सहरावत, प्रधान प्रवेश कश्यप, कपिल सैनी, रविंद्र सिंह सहित बुढ़ाना विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह में होली के पर्व की खुशियों के बीच संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।











