
शाहपुर में स्मार्ट मीटरों के बढ़े बिलों पर महिलाओं का हंगामा।
शाहपुर में स्मार्ट मीटरों के बढ़े बिलों पर महिलाओं का हंगामा।


शाहपुर। कस्बे में विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों को लेकर लोगों की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। शनिवार को दर्जनों महिलाओं ने बढ़े हुए बिजली बिलों और मीटरों में आ रही तकनीकी खामियों से परेशान होकर विधुत विभाग के विरुद्ध नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली के बिल पहले की तुलना में दोगुने और कहीं-कहीं तिगुने तक आ रहे हैं। उनका कहना है कि कई घरों में बिजली की खपत सामान्य रहने के बावजूद मीटर तेज गति से चल रहे हैं, जिससे बिल अनियंत्रित रूप से बढ़ रहे हैं। इससे खासकर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है और घर का बजट बिगड़ता जा रहा है।
महिलाओं ने कहा कि पहले पारंपरिक मीटरों के समय बिल नियंत्रित रहते थे, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके कारण उन्हें प्रदर्शन करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष से मिलकर उनकी आवाज बुलन्द करने की अपील करनी पड़ी।
नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचकर महिलाओं ने चेयरमैन हाजी अकरम कुरैशी से समस्या के समाधान की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग पर उनकी ओर से दबाव बनाया जाए, ताकि मीटरों की जांच कराई जा सके और गलत बिलों को संशोधित किया जा सके।
इसके साथ ही महिलाओं ने विधुत विभाग के विरुद्ध नगर पंचायत अध्यक्ष के माध्यम से जिलाधिकारी और उप-जिलाधिकारी को भेजा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से इस विषय में बातचीत करेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी। इस अवसर पर अंजुम अब्दुल रहमान वशीकरण जहीर बुशरा बेगम पर्व जे शबाना परवीन शाहनवाज तौसीफ समसिदा शहनाज रूबी आदि सहित दर्जनों महिलाएं वह उनके साथ में पुरुष भी मौजूद रहे।











