
ऑपरेशन सवेरा के तहत शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 25 लाख की अफीम सहित तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन सवेरा के तहत शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता, 25 लाख की अफीम सहित तस्कर गिरफ्तार
शाहपुर। जनपद मुजफ्फरनगर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के अंतर्गत थाना शाहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.640 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना शाहपुर पुलिस लगातार सक्रिय अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार 6/7 मई 2026 की रात्रि थाना शाहपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सोरम गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी देकर उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गया और पीछे मुड़कर तेज कदमों से जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.640 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान माधव कुम्हार पुत्र बहरूलाल निवासी ग्राम सारण, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शाहपुर में मु0अ0सं0-114/2026 धारा 08/17/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करता है तथा बरामद अफीम चित्तौड़गढ़ से एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाया था। वह राह चलते लोगों को नशीले पदार्थ बेचकर अवैध कमाई करता था और अफीम बेचने के उद्देश्य से बुढ़ाना क्षेत्र में आया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना थानाभवन, शामली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब आरोपी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिकेत धारीवाल, कांस्टेबल अरुण कुमार, विजय सिंह तथा जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।










