
मुज़फ्फरनगर की टीम ने जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप जीती, सोरम के तीन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मुज़फ्फरनगर की टीम ने जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप जीती, सोरम के तीन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

शाहपुर। ओलंपिक संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने बताया कि गत दिवस जोनपुर में आयोजित 49वीं जूनियर स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप में मुज़फ्फरनगर जनपद की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला अपने नाम किया। टीम ने गौतम बुद्ध नगर की कबड्डी टीम को एकतरफा खेल दिखाते हुए 45–12 के बड़े अंतर से मात देकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। पूरे मैच में मुज़फ्फरनगर के खिलाड़ियों ने आक्रमण व रक्षा दोनों में बेहतरीन सामंजस्य बनाते हुए विपक्षी टीम को किसी भी मोर्चे पर वापसी का मौका नहीं दिया।
फाइनल में पहुंचने के लिए मुज़फ्फरनगर टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में भी शानदार खेल का परिचय दिया। बागपत की मजबूत टीम को 27–23 के अंतर से हराते हुए खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई थी। लगातार शानदार प्रदर्शन से जनपदभर में खुशी की लहर दौड़ गई है। टीम की जीत पर खेल प्रेमियों व ग्रामीणों द्वारा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जा रहा है।
मास्टर रामपाल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक गांव सोरम के तीन खिलाड़ी—निशांत रघुवंशी, अर्णव बालियान और प्रियांशु—ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी उत्कृष्ट प्रदर्शन से ही टीम फाइनल कप जीत सकी, जिससे गांव व क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पीजेंट वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन अशोक बालियान और रसूलपुर के पूर्व प्रधान सत्येंद्र बालियान ,जिला कबड्डी सचिव बालिन्द्र बालियान ने भी जीत पर टीम को शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों के शानदार खेल के साथ-साथ कबड्डी कोच कमल कुमार की प्रशिक्षण शैली और टीम मैनेजर शमशाद के प्रभावी प्रबंधन की भी क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।











