राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राफेल में भरेंगी उड़ान, अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राफेल में भरेंगी उड़ान, अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
अंबाला। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने के लिए हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचीं, जहां उन्होंने अत्याधुनिक फ्रांसीसी लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरने की तैयारी की। राष्ट्रपति के पहुंचने पर वायुसेना के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरफोर्स की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। यह अवसर देश की सैन्य शक्ति और महिला सशक्तिकरण दोनों का प्रतीक माना जा रहा है, क्योंकि देश के सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति अब वायुसेना के सबसे आधुनिक युद्धक विमान में उड़ान भरने जा रही हैं।
सुरक्षा के मद्देनज़र अंबाला एयरफोर्स स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन ने ड्रोन उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति राफेल में सवार होकर अंबाला के हवाई क्षेत्र का एक चक्कर लगा सकती हैं।
वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह उड़ान भारतीय वायुसेना की दक्षता और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उसकी प्रगति को दर्शाती है। राष्ट्रपति की यह ऐतिहासिक उड़ान देश की सैन्य परंपरा में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रही है।











