
काकड़ा में प्रदेश स्तरीय पैरा कबड्डी ट्रायल संपन्न, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम घोषित
काकड़ा में प्रदेश स्तरीय पैरा कबड्डी ट्रायल संपन्न, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम घोषित

शाहपुर। क्षेत्र के गांव काकड़ा स्थित यश क्लब में आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष पैरा कबड्डी ट्रायल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पैरा कबड्डी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान बनाने के लिए जोरदार मुकाबले किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर उत्तर प्रदेश की सीनियर पुरुष पैरा कबड्डी टीम घोषित की गई।
कबड्डी कोच राहुल बालियान ने बताया कि ट्रायल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और बेहतरीन कौशल का परिचय दिया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं प्रदर्शन के आधार पर संपन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे और बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों में अंकित मलिक एवं रोहित (शामली), पवन कुमार वालिया एवं राहुल कुमार (गोरखपुर), मनीष यादव (गाजीपुर), धर्मराज (वाराणसी), वीरेंद्र यादव (आजमगढ़), जितेंद्र (कानपुर), अर्चित (बागपत), दीप शर्मा (गाजियाबाद), बृजमोहन (मथुरा), विकास (इटावा) तथा मोहित (सहारनपुर) शामिल हैं।
कोच राहुल बालियान ने जानकारी दी कि चयनित उत्तर प्रदेश पैरा सीनियर पुरुष कबड्डी टीम 10 जुलाई से राजस्थान के जयपुर स्थित केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय द्वितीय नेशनल पैरा सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी, जहां उत्तर प्रदेश की टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर पैरा कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव रोहित बालियान ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नेशनल खिलाड़ी अवनीश बालियान, राजीव कुमार, अमित कुमार, रवि सरोरा, विकास तोमर, दीपचंद तथा संजू बालियान सहित खेल प्रेमी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।











