
कंकरखेड़ा की राजनगर फेस-1 और सत्यम विहार कॉलोनी के लोगों का प्रदर्शन, सड़क, नाला और अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
कंकरखेड़ा की राजनगर फेस-1 और सत्यम विहार कॉलोनी के लोगों का प्रदर्शन, सड़क, नाला और अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग


मेरठ। जनपद के कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित राजनगर फेस-1 एवं सत्यम विहार कॉलोनी के निवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर हनुमान मंदिर परिसर में एकत्र होकर समाजसेवी विजय हिन्दुस्तानी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नेशनल हाईवे-58 से नाले के किनारे होकर गुजरने वाले सार्वजनिक मार्ग पर एक रेस्टोरेंट के मालिक द्वारा कथित रूप से कब्जा कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते पर हुए अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है और लोगों को मजबूरी में लंबा तथा असुविधाजनक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नाला निर्माण कार्य में हो रही देरी और अव्यवस्था को लेकर भी गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना है कि नाले का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है और जो कार्य किया भी जा रहा है वह व्यवस्थित ढंग से नहीं हो रहा है। बरसात के मौसम में अधूरे नाले और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होता है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कॉलोनी की मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर भी चिंता जाहिर की। स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है तथा जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को सड़क से गुजरने के बजाय किसी नाले जैसी स्थिति से होकर निकलना पड़ता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इसी मार्ग पर दो पब्लिक स्कूल हैं, जिसके चलते स्कूल जाने वाले बच्चों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो जाएगा, जिससे उनकी शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस अवसर पर समाजसेवी विजय हिन्दुस्तानी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, नाला निर्माण कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा नहीं कराया गया तथा मुख्य सड़क का निर्माण और मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया, तो कॉलोनीवासी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और प्रशासन की होगी।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की कि सार्वजनिक मार्ग को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा राजनगर फेस-1 और सत्यम विहार कॉलोनी की मुख्य सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कराकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।
प्रदर्शन में दिव्यांशु तालियान, जितेन्द्र दांतल, अनुज कुमार, अमित कुमार, जितेन्द्र पवार, राजकुमार गोस्वामी, राहुल मलिक, दशवीर बालियान, आर्यन शर्मा, हरिओम सोम, विवेक त्यागी सहित सैकड़ों महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।











