शुकतीर्थ सहित प्रदेश के सभी घाटों पर हो स्थाई जल-पुलिस और गोताखोरों की तैनाती : अशोक बालियान

मुजफ्फरनगर, 29 जून।
पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक बालियान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर प्रदेश के प्रमुख गंगा घाटों और धार्मिक स्नान स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से तीर्थस्थल शुकतीर्थ (शुक्रताल) के घाटों पर स्थाई जल-पुलिस, गोताखोरों और आधुनिक सुरक्षा संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की है।
अशोक बालियान ने अपने पत्र में कहा कि 28 जून 2026 को शुकतीर्थ में गंगा स्नान के दौरान एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची सहित तीन श्रद्धालुओं की डूबने से हुई दर्दनाक मौत ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कहा कि यह हादसा घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों के अभाव और प्रशासनिक लापरवाही की ओर संकेत करता है।
उन्होंने कहा कि शुकतीर्थ देश के प्रमुख पौराणिक और धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां वर्षभर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन और गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम न होना चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाए जाएं।
अशोक बालियान ने मांग की कि शुकतीर्थ के प्रमुख गंगा घाटों पर जिला प्रशासन अथवा आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से नियमित रूप से प्रशिक्षित गोताखोरों, लाइफगार्ड्स तथा जल-पुलिस की स्थाई तैनाती की जाए। इसके अलावा गहरे और खतरनाक जल क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग, लोहे की जंजीरों अथवा सुरक्षा जाल लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी में प्रवेश न कर सकें। साथ ही सुरक्षित स्नान क्षेत्रों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए।
उन्होंने सुझाव दिया कि घाटों पर बड़े और स्पष्ट चेतावनी बोर्ड हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लगाए जाएं, जिन पर पानी की गहराई और खतरे वाले क्षेत्रों की जानकारी अंकित हो। इसके साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाए तथा बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की अपील की जाती रहे।
अशोक बालियान ने यह भी कहा कि घाटों पर सीसीटीवी कैमरों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से निरंतर निगरानी की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जब भी शुकतीर्थ में बड़े धार्मिक आयोजन, मेले अथवा सत्संग कार्यक्रम आयोजित हों, तब जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल, जल-पुलिस और रेस्क्यू टीमों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से प्रदेश के सभी प्रमुख गंगा घाटों और धार्मिक स्नान स्थलों का सुरक्षा ऑडिट कराकर एक समान सुरक्षा मानक लागू करने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि किसी अधिकारी या विभाग की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अंत में अशोक बालियान ने मुख्यमंत्री से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles