गन्ना उत्पादों में वैल्यू एडिशन के लिए IIT गुवाहाटी का दौरा, वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग तकनीक पर अध्ययन, आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय–अशोक बालियान

गन्ना उत्पादों में वैल्यू एडिशन के लिए IIT गुवाहाटी का दौरा, वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग तकनीक पर अध्ययन,

आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय–अशोक बालियान

शाहपुर। किसानों की आय में वृद्धि और कृषि उत्पादों में वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक बालियान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा IIT गुवाहाटी का शैक्षणिक एवं तकनीकी दौरा किया जा रहा है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य गन्ने जैसे प्रमुख कृषि उत्पाद के प्रसंस्करण में उपयोगी आधुनिक तकनीक वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग (VFD) या लायोफिलाइजेशन का गहन अध्ययन करना है।
प्रतिनिधिमंडल में अश्विन चौधरी एवं विशाल चाहल भी शामिल हैं, जो इस अत्याधुनिक तकनीक के विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए विशेषज्ञों से संवाद कर रहे हैं। अशोक बालियान ने बताया कि वैक्यूम फ्रीज ड्राइंग तकनीक पारंपरिक सुखाने की विधियों की तुलना में अधिक प्रभावी और उन्नत है। इस प्रक्रिया में उत्पाद को उच्च तापमान पर नहीं पकाया जाता, बल्कि कम तापमान और नियंत्रित दाब में सुखाया जाता है, जिससे गन्ने के रस में मौजूद पोषक तत्व, प्राकृतिक स्वाद, रंग और एंजाइम सुरक्षित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से गन्ने के रस को पाउडर के रूप में परिवर्तित किया जा सकता है, जबकि गन्ने के टुकड़ों को क्रिस्पी हेल्थ स्नैक्स के रूप में विकसित किया जा सकता है। इन उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है। साथ ही, इस प्रक्रिया से तैयार उत्पादों की शेल्फ लाइफ लंबी होती है और इन्हें बिना किसी प्रिजर्वेटिव के सामान्य तापमान पर सुरक्षित रखा जा सकता है।
अशोक बालियान ने आगे बताया कि भारत सरकार की पीएमएफएमई (PMFME) योजना के तहत फूड प्रोसेसिंग से जुड़े ऐसे प्रोजेक्ट्स के लिए 35 प्रतिशत तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है। इससे किसानों और उद्यमियों को इस तकनीक को अपनाने में आर्थिक सहयोग मिलेगा और वे आधुनिक कृषि आधारित उद्योगों की ओर अग्रसर हो सकेंगे।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा IIT गुवाहाटी में उपलब्ध मशीनरी, ऊर्जा खपत, उत्पाद गुणवत्ता, पैकेजिंग तकनीक और व्यावसायिक संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। इस अध्ययन का उद्देश्य भविष्य में एक ऐसा व्यावहारिक और लाभकारी बिजनेस मॉडल तैयार करना है, जिसे क्षेत्र के किसान आसानी से अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
समाचार के अंत में अशोक बालियान ने कहा कि यह पहल गन्ना किसानों के लिए एक नई दिशा साबित होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि गन्ने को केवल चीनी उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय उसे वैल्यू एडेड उत्पादों के रूप में विकसित कर वैश्विक बाजार तक पहुंचाना समय की मांग है। इस दिशा में उठाया गया यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगा।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...