नामित सभासद अभिषेक चौधरी का गणमान्य लोगों ने किया स्वागत
नामित सभासद अभिषेक चौधरी का गणमान्य लोगों ने किया स्वागत

शाहपुर। लंबे समय से इंतजार के बाद नगर पंचायत शाहपुर में शासन स्तर से नामित सभासद बने लोकदल कोटे के अभिषेक चौधरी का क्षेत्र के गणमान्य लोगों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेताओं, लोकदल कार्यकर्ताओं तथा भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर ओलंपिक संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने कहा कि अभिषेक चौधरी का बचपन कस्बे के निकटवर्ती गांव सोरम की गलियों में बीता है। उन्होंने बताया कि उन्हीं गलियों में हम सभी ने खेल-कूद कर अपना बचपन बिताया है। उन्होंने कहा कि अभिषेक चौधरी बचपन से ही मिलनसार और सरल स्वभाव के धनी रहे हैं। उनके इसी व्यवहार और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए लोकदल पार्टी ने क्षेत्रीय विधायक एवं विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान की संस्तुति पर शासन से उन्हें नगर पंचायत शाहपुर में नामित सभासद नियुक्त कराया है।


भाकियू ग्राम अध्यक्ष सोरम विकास बालियान और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सोनू काबा ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अभिषेक चौधरी के सभासद बनने से क्षेत्र के लोगों को मजबूती से अपनी बात रखने वाला प्रतिनिधि मिला है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनका समाधान कराने का कार्य करेंगे।
डॉ. लोकेंद्र बालियान ने कहा कि हमें उम्मीद है कि अभिषेक चौधरी कस्बे के विकास और जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

इस अवसर पर भाजपा नेता ब्रह्मपाल सिंह, हरिओम पुंडीर, लोकदल नेता सीटू बालियान, रामभजन, भाकियू नेता ऋषिपाल गोयला वाले, चौधरी देशपाल सिंह,भाकियू ब्लॉक उपाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह, कृष्णपाल सिंह, हरेंद्र सिंह केनरा बैंक वाले सहित अन्य लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।













