
घटिया सामग्री के आरोप पर ग्रामीणों ने रुकवाया सड़क निर्माण कार्य
घटिया सामग्री के आरोप पर ग्रामीणों ने रुकवाया सड़क निर्माण कार्य


शाहपुर। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम उमरपुर में चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितताओं और घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि उमरपुर पुलिस चौकी से गांव के अंदर जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क का नवीनीकरण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। आरोप है कि सड़क निर्माण में प्रयोग की जा रही सामग्री निम्न स्तर की है तथा सड़क का चौड़ीकरण भी नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
गांव के लोगों ने एकत्र होकर नाराजगी जताई और कहा कि उनके गांव में विकास कार्य बहुत कम हो रहे हैं। जो कार्य हो भी रहे हैं, उनमें भी घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण कार्य मानकों के अनुसार और अच्छी गुणवत्ता की सामग्री से नहीं किया जाएगा, तब तक वे सड़क निर्माण नहीं होने देंगे।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा मानक के अनुरूप सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
इस दौरान रवि, विनोद, हरिओम, आशीष कुमार, मांगेराम, लक्ष्मण, धर्मेंद्र, राजेश कुमार, देवेंद्र, अनुज, सुनील कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।











