शाहपुर में जनरेटर गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

शाहपुर में जनरेटर गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख


शाहपुर। कस्बे के मेन रोड स्थित एक जनरेटर गोदाम में गुरुवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी व्यापारी उमर दराज का मेन रोड पर पुराने जनरेटरों का बड़ा कारोबार है। वह बाहर से पुराने जनरेटर खरीदकर उन्हें अन्य स्थानों पर बेचते हैं। गुरुवार को रमजान के चलते वह शाम के समय गोदाम बंद कर घर चले गए थे। इसी बीच शाम ढलने के बाद गोदाम से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल विभाग को बुलाना पड़ा। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। आग से गोदाम में रखा भारी मात्रा में जनरेटर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। व्यापारी उमर दराज को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका व्यक्त की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में देर तक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles