शाहपुर के सोरम गांव में कृषि यंत्रों की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन, चौधरी नरेश टिकैत ने किया शुभारंभ

शाहपुर के सोरम गांव में कृषि यंत्रों की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन, चौधरी नरेश टिकैत ने किया शुभारंभ


शाहपुर। क्षेत्र के गांव सोरम में कृषि यंत्र निर्माता कंपनी लैंडफोर्स एवं श्रीराम एग्रीकल्चर स्टोर के तत्वावधान में आधुनिक कृषि यंत्रों की एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।


प्रदर्शनी के उद्घाटन के दौरान चौधरी नरेश टिकैत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेती में मशीनीकरण अत्यंत आवश्यक हो गया है। परंपरागत तरीकों की तुलना में आधुनिक कृषि यंत्र समय की बचत के साथ-साथ लागत को भी कम करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों के प्रयोग से समय पर बुवाई और कटाई संभव होती है, जिससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान का जोखिम कम होता है और फसल की पैदावार में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
प्रदर्शनी में चौधरी नरेश टिकैत ने विभिन्न कृषि यंत्रों का निरीक्षण किया और उनकी कार्यक्षमता, गुणवत्ता तथा उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राजपाल सिंह बालियान, पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह एवं पूर्व विधायक उमेश मलिक भी प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे और अत्याधुनिक कृषि मशीनों को नजदीक से देखा।


लैंडफोर्स कंपनी के जोनल मैनेजर रितेश आनन, क्षेत्रीय मैनेजर रोनित शर्मा एवं सन्नी बालियान ने किसानों को रोटावेटर, कंबाइन हार्वेस्टर, जुताई एवं बुवाई से संबंधित अन्य आधुनिक यंत्रों के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन मशीनों के उपयोग से श्रम कम लगता है और खेती अधिक लाभकारी बनती है।
कार्यक्रम का संचालन मा. रामपाल सिंह द्वारा किया गया। प्रदर्शनी के दौरान जनपद के प्रगतिशील किसानों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। सम्मानित किसानों में मोनू प्रधान (भूराहेड़ी), अमित प्रधान (करहेरा), अरविंद मलिक (बधाई कला), शुभम राठी (शाहड़बबर), शुभम बालियान (कुटबा), परविंदर सिंह (शुकतीर्थ), आदित्य कुमार एवं अरुण कुमार (अलीपुर कला) शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त उपेंद्र सिंह, बिजेंदर चेयरमैन, विकास बालियान, जितेंद्र बालियान सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने प्रदर्शनी में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रदर्शनी किसानों के लिए आधुनिक तकनीक से रूबरू होने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुई।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles