
मास्टर रणधीर सिंह सैनी की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, शिक्षा जगत ने एक समर्पित गुरु को खोया
मास्टर रणधीर सिंह सैनी की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, शिक्षा जगत ने एक समर्पित गुरु को खोया

शाहपुर। कस्बे के प्राचीन शिक्षण संस्थान राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर के संस्थापक स्वर्गीय मास्टर आसाराम सैनी के बड़े सुपुत्र एवं राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में लंबे समय तक वरिष्ठ कला शिक्षक रहे 86 वर्षीय मास्टर रणधीर सिंह सैनी के निधन के उपरांत आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिक्षा, राजनीति, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ उनके सैकड़ों पूर्व शिष्यों ने अपने प्रिय गुरु को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन शाहपुर के मोहल्ला गोकुलपुर में किया गया, जहां मुजफ्फरनगर जनपद के अलावा मेरठ, सहारनपुर, शामली, उत्तराखंड और दिल्ली से आए लोगों ने मास्टर रणधीर सिंह सैनी के शिक्षा के प्रति समर्पित जीवन को याद किया। पूर्व छात्रों ने बताया कि उन्होंने न केवल किताबी ज्ञान दिया, बल्कि जीवन में अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी।
सभा में पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मास्टर रणधीर सिंह सैनी का निधन शाहपुर क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के क्षेत्र को समर्पित कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया। उनके जैसा समर्पित शिक्षक आज के समय में मिलना कठिन है।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि मास्टर रणधीर सिंह सैनी एक कुशल कला शिक्षक होने के साथ-साथ अनुशासित, सरल और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी थे। उनके द्वारा दी गई शिक्षा और संस्कार उनके शिष्यों के जीवन में सदैव जीवित रहेंगे।
सभा में पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व सांसद राजपाल सैनी, पूर्व मंत्री संजीव बालियान के पिता डॉ. सुरेंद्र सिंह बालियान, जिला पंचायत सदस्य विजय चौधरी, मास्टर मांगेराम सैनी, वरिष्ठ सपा नेता सत्येंद्र सैनी, डॉ. ओमपाल सैनी, पूर्व प्रधान कैलाश चंद्र सैनी, रणवीर सैनी (पूर्व कमांडर एमईएस), पूर्व सीओ युगवीर सिंह सैनी, एडवोकेट संजीव गौतम, एडवोकेट सतेंद्र त्यागी, डॉ लोकेन्द्र बालियान,डॉ. कुलदीप चौहान, युवा नेता अंकुर सैनी, संदीप सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सैनी कांधला (शामली), उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय जिलाध्यक्ष रकमपाल सैनी, मास्टर ईश्वर दयाल सैनी पीटीआई, जितेंद्र मोहन एडवोकेट (सहारनपुर), सहन्सर पाल सोरम, उमेश मित्तल, उमेश गोयल, परमेश सैनी, अकरम कुरैशी, जितेंद्र सोरम, नंदकिशोर ठाकरान, सोहन लाल, जोनी, नवीन राणा, राजेश गोयल, अनुज अग्रवाल, हरिओम पुंडीर, सुशील सैनी, बृजपाल सैनी, धनकुमार सैनी, अनिल सैनी, दिनेश, राकेश, आदित्य, अजय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भारी भीड़ यह दर्शाती रही कि मास्टर रणधीर सिंह सैनी ने अपने जीवन में शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से समाज में एक अमिट पहचान बनाई, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव स्मरण रखेंगी।











