गन्ना मूल्य में ₹30 की वृद्धि पर किसानों में खुशी की लहर, शाहपुर में मुख्यमंत्री योगी व जयंत सिंह के प्रति जताया आभार
गन्ना मूल्य में ₹30 की वृद्धि पर किसानों में खुशी की लहर, शाहपुर में मुख्यमंत्री योगी व जयंत सिंह के प्रति जताया आभार
शाहपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गन्ने का मूल्य ₹30 प्रति क्विंटल बढ़ाने के ऐतिहासिक निर्णय के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। शाहपुर क्षेत्र के गांव गोयला में किसानों ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
गोयला निवासी प्रमुख किसान सुभाष चंद्र बालियान, अनिल चौधरी और सतेंद्र चौधरी व मुबारिकपुर निवासी किसान निरोत्तक त्यागी ने कहा कि सरकार का यह निर्णय प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों के जीवन में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भरने वाला है। किसानों ने इसे लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों की जीत और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम बताया।
किसानों ने संयुक्त बयान में कहा कि गन्ना मूल्य वृद्धि से किसानों की आय में सुधार होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम महान किसान नेता चौधरी चरण सिंह की विचारधारा और किसान एकता की जीत को साकार करता है।
किसानों ने सभी गन्ना उत्पादकों से अपील की कि वे संगठित होकर अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से किसानों के चेहरों पर खुशहाली की नई चमक आई है और अब प्रदेश में खेती को लाभदायक बनाने का सपना साकार होता दिख रहा है।











