
हाईवे पर थार कार पर फायरिंग करने वाले 25 हजार के इनामी समेत दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक घायल छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद
हाईवे पर थार कार पर फायरिंग करने वाले 25 हजार के इनामी समेत दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक घायल
छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद**
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा हाईवे पर करीब दस दिन पूर्व थार कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में छपार पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश हर्षित त्यागी को गोली लगने से घायल होने पर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी उज्ज्वल शर्मा को कॉम्बिंग अभियान के दौरान दबोच लिया। गिरफ्तार दोनों अभियुक्त मुजफ्फरनगर शहर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को पानीपत-खटीमा हाईवे पर अज्ञात स्कॉर्पियो और बलेनो कार सवार बदमाशों ने सद्दाम पुत्र मोहतसिम निवासी ग्राम तिगरी, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर की थार कार पर फायरिंग की थी। घटना के संबंध में थाना छपार में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छपार पुलिस की चार टीमों के साथ एसओजी को भी लगाया गया था।
इसी क्रम में 2 और 3 नवंबर की मध्यरात्रि को छपार पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम रामपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज गति से भगा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो स्कॉर्पियो पानीपत-खटीमा हाईवे पर चढ़कर रई जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ गई। कुछ दूरी पर जाकर गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
इसके बाद स्कॉर्पियो सवार दोनों युवक गाड़ी से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश की पहचान हर्षित त्यागी पुत्र दीपक त्यागी निवासी साकेत कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वहीं दूसरे अभियुक्त की पहचान उज्ज्वल शर्मा पुत्र विशाल शर्मा निवासी इंदिरा कॉलोनी, एसबीआई एटीएम के सामने वाली गली, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। दोनों अभियुक्तों की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो भी कब्जे में ली गई है।
- पुलिस के मुताबिक, हर्षित त्यागी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने 25 अक्टूबर को थार कार पर फायरिंग की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। घटना के बाद से ही दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर छिपते फिर रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई को हाईवे पर हुई फायरिंग की घटना के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।











