
शाहपुर: पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने जलभराव से प्रभावित दुकानों का लिया जायजा, मुआवजे की उठाई मांग
शाहपुर: पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने जलभराव से प्रभावित दुकानों का लिया जायजा, मुआवजे की उठाई मांग

शाहपुर। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के वरिष्ठ नेता चौधरी योगराज सिंह ने शुक्रवार को शाहपुर कस्बे का दौरा कर हाल की मूसलाधार बारिश से प्रभावित दुकानदारों का हाल जाना। उन्होंने बाजार क्षेत्र की उन दुकानों का निरीक्षण किया, जिनमें बारिश का पानी भरने से लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। इस दौरान उन्होंने पीड़ित व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा बुढ़ाना के एसडीएम कृष्णकांत वर्मा से फोन पर वार्ता कर प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति हुई है, ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए नुकसान का आकलन कराकर राहत उपलब्ध करानी चाहिए।
जिलाधिकारी ने पूर्व मंत्री को आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित दुकानों का मौका मुआयना कराया जाएगा और नुकसान का आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजते हुए नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने कस्बे की खराब सफाई व्यवस्था और जल निकासी की समस्या भी पूर्व मंत्री के समक्ष रखी। लोगों ने बताया कि नालियों की समुचित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी बाजार और रिहायशी क्षेत्रों में भर गया, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चौधरी योगराज सिंह ने मौके पर मौजूद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन को जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस पर ईओ ने बताया कि नगर पंचायत की टीम युद्ध स्तर पर जलभराव समाप्त करने और सफाई व्यवस्था सुधारने में जुटी हुई है।
इस अवसर पर भाजपा नेता श्यामपाल सिंघल, पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी, नामित सभासद अभिषेक चौधरी, कपिल सैनी, नवीन राणा, अशोक वर्मा, महेश मलिक सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











