
सोरम में जलभराव से राहत की तैयारी, तालाब की भूमि पर तहसील टीम ने कराया सीमांकन
सोरम में जलभराव से राहत की तैयारी, तालाब की भूमि पर तहसील टीम ने कराया सीमांकन
शाहपुर। ऐतिहासिक गांव सोरम, जो कभी क्षेत्र, प्रदेश और देश स्तर पर अपने महत्वपूर्ण पंचायत निर्णयों के लिए प्रसिद्ध रहा है, आज मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। पिछले लगभग एक माह से सड़क पर भरे पानी के कारण सोरम, शाहजुड़ी, गोयला सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।
जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार पानी की निकासी की मांग की थी। इसके बाद चार दिन पूर्व उपजिलाधिकारी बुढ़ाना अपनी तहसील टीम एवं पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे। अधिकारियों ने मुख्य मार्ग का निरीक्षण कर जलभराव के कारणों का जायजा लिया तथा स्थायी समाधान के लिए सरकारी अभिलेखों में तालाब की भूमि का रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश दिए थे।
बुधवार को तहसील प्रशासन की टीम जेसीबी मशीन के साथ गांव पहुंची। टीम ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर तालाब की भूमि की तलाश कर उसका सीमांकन किया। अधिकारियों ने मौके पर निशान लगाते हुए संबंधित कब्जाधारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि तालाब की खुदाई का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा, जिससे वर्षा का पानी तालाब में एकत्र हो सके और मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
तहसील टीम द्वारा सीमांकन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब की खुदाई समय पर हो जाती है तो वर्षों पुरानी जलनिकासी की समस्या से राहत मिलेगी और क्षेत्र के हजारों लोगों का आवागमन सुचारु हो सकेगा।











