
स्वस्थ आयु के लिए योग थीम के साथ मुजफ्फरनगर में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
स्वस्थ आयु के लिए योग थीम के साथ मुजफ्फरनगर में मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

मुजफ्फरनगर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके अंतर्गत कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार द्वारा धन्वंतरि पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। आयोजन के दौरान योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
योग दिवस कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी, पूर्व अध्यक्ष आयुष बोर्ड सुभाष चंद शर्मा, मंडल अध्यक्ष सहारनपुर रालोद प्रभात तोमर, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा प्रदीप सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय संबोधन का कोलकाता से सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। स्टेडियम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने योग को मानवता के लिए भारत का अमूल्य उपहार बताते हुए इसे स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

इसके उपरांत योग प्रशिक्षक विजय कुमार, वर्षा चौधरी एवं अनुज कुमार के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाएं कराई गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, नगर मजिस्ट्रेट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक (होम्योपैथी), जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया, जबकि अंत में डॉ. इशमपाल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। सामूहिक योगाभ्यास में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 1800 लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। योग दिवस के इस भव्य आयोजन ने स्वास्थ्य, संतुलित जीवन और नियमित योगाभ्यास के महत्व को प्रभावी ढंग से जनमानस तक पहुंचाने का कार्य किया।











