भाजपा मंडल अध्यक्ष के भाई का अंतिम संस्कार, भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भाजपा मंडल अध्यक्ष के भाई का अंतिम संस्कार, भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

शाहपुर। थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा में शनिवार को भाजपा के सोरम मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा के भाई नरेंद्र वर्मा का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। सड़क हादसे में हुई उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ज्ञात हो कि शुक्रवार शाम नरेंद्र वर्मा अपने भाई प्रमोद वर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे तावली और हरसौली गांवों के बीच पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान नरेंद्र वर्मा ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल प्रमोद वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिजनों ने बताया कि फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। उनका कहना है कि दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जाएगी। वाहन की जानकारी मिलने के बाद संबंधित चालक के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
दूसरी ओर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मृतक के आवास पर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व विधायक उमेश मलिक, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन रामनाथ ठाकुर, भाजपा जिला मंत्री प्रमेश सैनी, जिला पंचायत सदस्य यूनुस चौधरी एवं विजय चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. सतीश सैनी, बुढ़ाना मंडल अध्यक्ष मोनू कुरथल, समाजसेवी डॉ. लोकेंद्र बालियान, धनकुमार सैनी सहित अनेक भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत नरेंद्र वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles