
राष्ट्रीय परिवर्तन दल की सभा में युवाओं के रोजगार पर जोर, आकाश बालियान बने जिलाध्यक्ष
राष्ट्रीय परिवर्तन दल की सभा में युवाओं के रोजगार पर जोर, आकाश बालियान बने जिलाध्यक्ष

शाहपुर। क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान में रविवार को राष्ट्रीय परिवर्तन दल की एक विशाल सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, ग्रामीण और युवा मौजूद रहे। सभा के दौरान युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान रसूलपुर निवासी आकाश बालियान को राष्ट्रीय परिवर्तन दल का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया, जिसकी घोषणा स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव ने की।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय परिवर्तन दल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता उनके खून में है, क्योंकि उनके पिता स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता और स्वाभिमान से जीवन जीना उन्होंने अपने पिता से सीखा है और यही संदेश वह युवाओं तक पहुंचाना चाहते हैं।
उन्होंने दावा किया कि अब तक उनके प्रयासों से विभिन्न स्थानों पर फैक्ट्रियां स्थापित कर लगभग 15 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है तथा भविष्य में इससे भी अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरे देश का भ्रमण किया है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसा मेहनती किसान कहीं नहीं देखा। उन्होंने कहा कि यहां के किसानों की मेहनत उनकी फसलों में दिखाई देती है और विशेष रूप से गन्ने की फसल पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखती है।
डीपी यादव ने युवाओं से राष्ट्रीय परिवर्तन दल से जुड़कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्होंने आकाश बालियान जैसे युवा को एक पौधे के रूप में रोपित किया है, जिसे वटवृक्ष बनाने की जिम्मेदारी क्षेत्र के युवाओं और लोगों की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आकाश बालियान युवाओं के हितों के लिए बेहतर कार्य करेंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय परिवर्तन दल के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गगन यादव ने भी युवाओं से अधिक संख्या में पार्टी से जुड़ने और संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सभा की अध्यक्षता चौधरी अमीचंद ने की, जबकि संचालन ओलंपिक कबड्डी संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह और दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नरेश कुमार, सुखरामपाल सिंह, मनदीप बालियान, देवेंद्र कुमार, मैनपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, विकास बालियान, सोनू सिंह, रविंद्र, गोपाल, चुन्नू, नीरज, शिवम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।











