पिन्ना बाईपास पर दर्दनाक हादसा, स्विफ्ट कार ट्रक में घुसी; दो की मौत, एक गंभीर

पिन्ना बाईपास पर दर्दनाक हादसा, स्विफ्ट कार ट्रक में घुसी; दो की मौत, एक गंभीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित पिन्ना बाईपास पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार में अचानक आग लग जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार जलालाबाद से मेरठ की ओर जा रही स्विफ्ट कार संख्या UP 19 W 3325 पिन्ना बाईपास पर चरथावल कट के पास सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक संख्या UP 20 AT 7840 में पीछे से तेज गति के कारण जा टकराई। बताया गया कि ट्रक घटना से लगभग 10 से 15 मिनट पहले ही खराब होकर सड़क किनारे खड़ा किया गया था।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में सवार नाजिम पुत्र सलीम, रजिया पत्नी अलीम तथा नाजो पत्नी अकरम निवासी गढ़ जलालाबाद, शामली को बाहर निकाला। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाते हुए आग पर काबू पाया।
हादसे में नाजिम और रजिया की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नाजो को पुलिस द्वारा तत्काल जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर भर्ती कराया गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए भोपा रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles