विकासखंड कार्यालय शाहपुर में दिव्यांगजन पंजीकरण शिविर आयोजित, ट्राई साइकिल व सहायक उपकरण दिलाने की प्रक्रिया शुरू
विकासखंड कार्यालय शाहपुर में दिव्यांगजन पंजीकरण शिविर आयोजित, ट्राई साइकिल व सहायक उपकरण दिलाने की प्रक्रिया शुरू

शाहपुर। गुरुवार को विकासखंड कार्यालय शाहपुर परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मुजफ्फरनगर के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए विशेष पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के दिव्यांग व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और अपने पंजीकरण कराए।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. ओपी जयसवाल ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाहपुर विकासखंड क्षेत्र के सभी दिव्यांगजन इस योजना का लाभ लेने हेतु आगे आएं और अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकरण के उपरांत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य उपयोगी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनका दैनिक जीवन अधिक सुगम और सुविधाजनक बन सके।
डॉ. जयसवाल ने बताया कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं और इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन दिव्यांग व्यक्तियों का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ विभाग से संपर्क करें।

शिविर के दौरान दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिव्यांगजनों के दस्तावेजों की जांच कर उनका पंजीकरण किया। विभाग की ओर से वेद प्रकाश सिंह एवं धर्मेंद्र कुमार ने लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चयनित लाभार्थियों को शीघ्र ही उपकरण वितरित किए जाएंगे।
शिविर में चार दर्जन से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों ने सरकार और प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं विकासखंड कार्यालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।











