
मेमोरी वर्कशॉप का भव्य आयोजन, टॉपर्स हुए सम्मानित
मेमोरी वर्कशॉप का भव्य आयोजन, टॉपर्स हुए सम्मानित
मुजफ्फरनगर। जनपद में शिक्षा और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में रविवार, 26 अप्रैल 2026 को ए ट्रीज संस्था द्वारा होटल स्वागत में एक भव्य मेमोरी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बैगलेस संस्था के सहयोग से किया गया, जिसमें शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप उपस्थित रहीं। उनके साथ योगेश गुप्ता, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. रणवीर सिंह, आशीष द्विवेदी, राजकुमार कटारिया, बैगलेस फाउंडेशन के संस्थापक नरेंद्र सिंह, ए ट्रीज संस्था के संस्थापक राजीव वर्मा एवं सचिव वरुण वर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान ए ट्रीज संस्था के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों को लाइव प्लांट, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को भी प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मेमोरी वर्कशॉप में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी तथा कोचिंग सेंटर संचालकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वर्ष 2026 के विभिन्न विद्यालयों के टॉपर्स का सम्मान रहा, जिन्हें मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

ए ट्रीज संस्था के संस्थापक राजीव वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की मेमोरी वर्कशॉप का उद्देश्य विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति को बेहतर बनाना और उन्हें आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इस कार्यशाला का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में स्मार्ट मेमोरी विकसित करने के विभिन्न तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से निमोनिक साइंस और चित्र आधारित तकनीकों को समझाते हुए बताया कि कैसे विद्यार्थी अपनी याददाश्त को मजबूत और प्रभावी बना सकते हैं। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से यह भी समझाया कि रोजमर्रा की पढ़ाई में इन तकनीकों का उपयोग कैसे किया जा सकता है।
मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी विद्यालयों में इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जानी चाहिए, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके और वे भविष्य में जनपद व देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के अंत में ए ट्रीज संस्था के संस्थापक राजीव वर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।











