शाहपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: फर्जी सीबीआई और कस्टम अधिकारी बनकर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, महिला समेत दो गिरफ्तार

शाहपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: फर्जी सीबीआई और कस्टम अधिकारी बनकर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, महिला समेत दो गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर ।

शाहपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह खुद को सीबीआई और कस्टम अधिकारी बताकर लोगों को डराता-धमकाता था और उनसे लाखों रुपये की वसूली करता था। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से नकदी समेत कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामान बरामद हुआ है।


जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब शाहपुर क्षेत्र की हजुरनगर निवासी इकरा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान व्हाट्सएप के माध्यम से एक व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को एक उच्च अधिकारी बताया। कुछ समय बाद, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर खुद को कस्टम और सीबीआई अधिकारी बताना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार को कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ब्लैकमेल किया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी और इस डर के चलते उससे लगभग 5 लाख रुपये वसूल लिए। जब पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शाहपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की और रविवार, 19 अप्रैल 2026 को दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोजी (24 वर्ष) पुत्री मकसूद , निवासी हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली और मंसूर अहमद (26 वर्ष),मनव्वर अली मूल निवासी बिजनौर, वर्तमान निवासी महरौली, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 2,00,760 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, एक फर्जी आईडी कार्ड, फर्जी सर्च वारंट की फोटोकॉपी, एक बैंक पासबुक, चेक बुक, तीन डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। वे पहले विश्वास जीतते, फिर खुद को सरकारी अधिकारी बताकर डर का माहौल बनाते और उसके बाद मोटी रकम ऐंठ लेते थे।
शाहपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और यदि कोई खुद को अधिकारी बताकर धन की मांग करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles