
मोबाइल फोन फास्ट फूड से भी ज्यादा घातक: रोहित मुनि जी महाराज
मोबाइल फोन फास्ट फूड से भी ज्यादा घातक: रोहित मुनि जी महाराज
शाहपुर। कस्बे में जैन संत गुरु सुदर्शन संघ के प्रवचन प्रभावक रोहित मुनि जी महाराज आदि ठाणे चार का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस अवसर पर जैन समाज में उत्साह का माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने संतों का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन कस्बे के जैन स्थानक में किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जैन स्थानक में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोहित मुनि जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन का दुरुपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जो मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन आज के दौर में फास्ट फूड से भी ज्यादा घातक साबित हो रहा है, क्योंकि यह न केवल स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन को भी प्रभावित कर रहा है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें और कम से कम पांच वर्ष की आयु तक बच्चों को मोबाइल न देने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का मूल आधार धर्म है। बिना धर्म के मनुष्य का जीवन अधूरा और व्यर्थ है। व्यक्ति धन से सभी भौतिक सुविधाएं तो खरीद सकता है, लेकिन वास्तविक सुख और शांति केवल धर्म के मार्ग पर चलकर ही प्राप्त होती है। धार्मिक जीवन अपनाने से व्यक्ति का जीवन संतुलित, शांतिपूर्ण और खुशहाल बनता है।
रोहित मुनि जी महाराज ने आगे कहा कि ईश्वर ने केवल मनुष्य योनि को ही धर्म पालन का अवसर दिया है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में धर्म को अपनाना चाहिए और सदमार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्म ही व्यक्ति को सही दिशा देता है और जीवन के उद्देश्य को स्पष्ट करता है।
इस अवसर पर जैन संत रजत मुनि जी महाराज ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का प्रवास समाज को जागरूक करने का माध्यम होता है। जब समाज जागरूक होगा, तभी वह धर्म के मार्ग पर चलकर उन्नति कर सकेगा। उन्होंने समाज के लोगों से धर्म, संयम और सदाचार को जीवन में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जैन संत हर्षित मुनि जी महाराज एवं संभव मुनि जी महाराज ने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति गीतों के साथ वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु प्रभु भक्ति में लीन दिखाई दिए।
इससे पूर्व सकल जैन समाज द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। समारोह में कस्बे के पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी को भारतीय जनता पार्टी का जिला मंत्री बनाए जाने पर सम्मानित किया गया। साथ ही अरविंद पाल को मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त होने पर तथा नामित सभासद कपिल सैनी, सावंत नामदेव और अभिषेक चौधरी को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजेंद्र जैन, बालेश जैन, सुशील जैन, शीलचंद जैन, सतीश जैन, संजीव जैन, नितिन जैन, हर्षित जैन, मोहित जैन, पंकज जैन, अमित जैन, पुनीत जैन, दीपक जैन और हरिचरण नामदेव सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित











