मुजफ्फरनगर में आर्य महा सम्मेलन एवं विशाल शोभा यात्रा का भव्य शुभारंभ

मुजफ्फरनगर में आर्य महा सम्मेलन एवं विशाल शोभा यात्रा का भव्य शुभारंभ


मुजफ्फरनगर। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय “आर्य महा सम्मेलन एवं विशाल शोभा यात्रा” का शुभारंभ सोमवार को नई मंडी स्थित वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज में श्रद्धा, उत्साह और वैदिक परंपराओं के बीच भव्य रूप से हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से आए आर्य समाज के अनुयायियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ध्वज फहराकर एवं हरी झंडी दिखाकर विशाल शोभा यात्रा को रवाना कर किया। शोभा यात्रा में सजे हुए रथ, वैदिक ध्वज, बैंड-बाजे और धार्मिक नारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा में शामिल श्रद्धालु वैदिक भजन गाते हुए धर्म, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते चले। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
सुबह के सत्र में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्वान आचार्यों ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। यज्ञ में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र कल्याण, समाज सुधार एवं विश्व शांति की कामना की। इसके पश्चात निकाली गई शोभा यात्रा नई मंडी क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
सम्मेलन के दौरान दोपहर एवं रात्रि सत्र में प्रवचन, वैदिक विचार गोष्ठी और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में आचार्य संजय यात्त्रिक (मेरठ), श्रद्धेया कल्याणी आर्य (हिसार), आचार्य वेद आर्य (गुरुग्राम), कुंवर पाल शास्त्री एवं ओमवीर सिंह (दूधली) अपने विचार रखेंगे। वक्ताओं द्वारा वैदिक संस्कृति, शिक्षा, समाज सुधार और युवाओं के नैतिक उत्थान पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं जिला मंत्री अरविंद गर्ग ने बताया कि आर्य समाज सदैव समाज में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य करता रहा है। जिला प्रधान सत्येंद्र आर्य ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकता एवं नैतिक मूल्यों की प्रेरणा देते हैं। जिला कोषाध्यक्ष अरुण कुमार, प्रचार एवं संगठन मंत्री अजय कुमार गर्ग, वरिष्ठ आर्य समाजी विजय गुप्ता एवं प्रशांत शर्मा ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन समिति में कुलदीप गुप्ता, वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य राजेश कुमारी, वेदप्रकाश आर्य, सुरेश आर्य, कपाशंकर शर्मा, अतर सिंह आर्य, ओमपाल आर्य, दीपक त्यागी, गजेंद्र राणा, देशपाल सिंह, प्रह्लाद सिंह, सुशील आर्य, विकास आर्य, शकुंतला आर्य और नीलम दींगरा सहित अनेक शिक्षक एवं पदाधिकारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। शिक्षकों और विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को अनुशासित एवं प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles