
एलपीजी संकट से शाहपुर में हड़कंप, गैस गोदाम पर लगी लंबी कतारें, यातायात बाधित
एलपीजी संकट से शाहपुर में हड़कंप, गैस गोदाम पर लगी लंबी कतारें, यातायात बाधित
शाहपुर। पश्चिम एशिया में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है। एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से शाहपुर क्षेत्र में उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार द्वारा वाणिज्यिक गैस आपूर्ति पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद भी अनियमित सप्लाई के कारण आम उपभोक्ता समय पर गैस नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं।
सोमवार को शाहपुर स्थित इंडेन गैस गोदाम पर गैस न मिलने के चलते उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही सैकड़ों लोग गोदाम के बाहर लाइन में लग गए, जिससे मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लग गया। सड़क पर लगी लंबी कतार के कारण यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एक एंबुलेंस भी भीड़ में फंस गई, जिससे मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतें आईं।
सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। पुलिस ने सड़क पर खड़ी भीड़ को हटाकर एक ओर किया, जिससे फंसे हुए वाहनों और एंबुलेंस को रास्ता मिल सका। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया।
गैस लेने आए उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि उन्हें समय पर गैस नहीं मिल रही है और कई-कई घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मी उनकी गैस की बुकिंग खुद ही कर डिलीवरी दिखा रहे हैं, जबकि उपभोक्ता गोदाम के चक्कर काट रहे हैं।
वहीं, गैस एजेंसी प्रबंधक जयवीर सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सप्लाई के अनुरूप ही गैस का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे ही गैस की गाड़ी गोदाम पर पहुंचती है, तुरंत उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाती है। बुकिंग के सापेक्ष पूरी तरह गैस सप्लाई की जा रही है।


उधर, चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि रविवार को गैस की गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण सोमवार को भीड़ अधिक हो गई थी। हालांकि, शाम को जैसे ही गैस की सप्लाई आई, पुलिस की निगरानी में सुचारू रूप से वितरण कराया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे ऐसी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।











