शाहपुर पुलिस चौकी का एसएसपी ने किया उद्घाटन, बोले – “पुलिस आपकी मित्र है, गलत कार्यों से दूर रहें युवा”
शाहपुर पुलिस चौकी का एसएसपी ने किया उद्घाटन, बोले – “पुलिस आपकी मित्र है, गलत कार्यों से दूर रहें युवा”





शाहपुर। कस्बा पुलिस चौकी के सौंदर्यीकरण कार्य के पूर्ण होने के बाद गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसपी देहात आदित्य बंसल तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कस्बे और क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
उद्घाटन के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश पुलिस “जीरो टॉलरेंस और जीरो बैलेंस” नीति पर कार्य कर रही है। अब जनता को थाने में जाने में किसी भी प्रकार का संकोच नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान में मुजफ्फरनगर पुलिस पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही है, जो महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जिले की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को ऐसे संस्कार दें, जिससे वे महिलाओं का सम्मान करें। युवाओं को सावधान करते हुए कहा कि तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं, कई घरों के इकलौते चिराग सड़क दुर्घटनाओं में बुझ चुके हैं। हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य होना चाहिए।
एसएसपी ने बताया कि हाल ही में युवाओं में तमंचा लेकर फोटो खिंचवाने का गलत क्रेज बढ़ा है, जबकि जनपद पुलिस ने ऐसे 132 अवैध तमंचे बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि “तमंचे के साथ फोटो खिंचवाने से कोई हीरो नहीं बनता, बल्कि अपना भविष्य बर्बाद करता है। समाज के लिए अच्छे कार्य करें, तभी सच्चे हीरो बनेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी नागरिक की शिकायत थाना या चौकी स्तर पर नहीं सुनी जाती, तो वह सीधे एसपी देहात या मुझसे मिल सकता है — निष्पक्ष कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपने मन और परिवेश को सुंदर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी मोहित चौधरी, चौकी प्रभारी राहुल कुमार, डॉ. गौरव सैनी, डॉ. अब्बास, श्यामपाल भाईजी, अरविंद पाल, हाजी अकरम कुरैशी, डॉ. लोकेंद्र बालियान, महबूब मेंबर, डॉ. पुष्पेंद्र सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











