काकड़ा की बेटी अनु सेन ने बढ़ाया देश व जिले का मान, विश्व कप जीतने पर एसएसपी ने किया सम्मानित मुजफ्फरनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ भव्य स्वागत, खिलाड़ियों व खेल अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

काकड़ा की बेटी अनु सेन ने बढ़ाया देश व जिले का मान, विश्व कप जीतने पर एसएसपी ने किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ भव्य स्वागत, खिलाड़ियों व खेल अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं


मुजफ्फरनगर। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे को 35–28 से हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप खिताब अपने नाम किया। टीम की इस ऐतिहासिक जीत में मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनु सेन का भी अहम योगदान रहा। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।


भारतीय टीम ने कप्तान रितु नेगी और उपकप्तान पुष्पा राणा के नेतृत्व में पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया और अजेय रहते हुए खिताब जीता। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए चीनी ताइपे को 35–28 के अंतर से पराजित कर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।


अनु सेन की इस उपलब्धि पर मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने उन्हें अपने स्टाफ ऑफिस में बुलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बालियान तथा ओलंपिक कबड्डी संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह भी मौजूद रहे। इन सभी ने अनु सेन का परिचय एसएसपी से कराते हुए उनकी उपलब्धियों की जानकारी दी।
सम्मान समारोह के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि यह पूरे देश और विशेष रूप से मुजफ्फरनगर के लिए गर्व की बात है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली बेटियां आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अनु सेन जैसी खिलाड़ी नारी शक्ति की सशक्त मिसाल हैं और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और यह साबित कर रही हैं कि यदि उन्हें अवसर और सहयोग मिले तो वे किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकती हैं।
बताया जाता है कि अनु सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव काकड़ा में ही प्राप्त की और बचपन से ही कबड्डी के प्रति गहरी रुचि रखती थीं। लगातार मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने कई अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वर्तमान में अनु सेन गाजियाबाद में पुलिस विभाग में खेल कोटे से महिला आरक्षी के पद पर तैनात हैं। अनु ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी इस उपलब्धि से जिले की अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।


स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ भव्य स्वागत
ओलंपिक कबड्डी संघ के सह सचिव मास्टर रामपाल सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनु सेन का मुजफ्फरनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर शाहपुर के पूर्व ब्लाक प्रमुख अनुज बालियान ने उन्हें नगद धनराशि देकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि अनु सेन ने जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।


इस दौरान जिला खेल अधिकारी भूपेंद्र यादव, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम बिश्नोई तथा बाल कल्याण अधिकारी राजीव कुमार ने भी अनु सेन को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में भावना, राकेश और प्रदीप कोच सहित कई खेल प्रेमी भी मौजूद रहे। सभी ने अनु सेन की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles