
स्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक
स्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक

शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम सोरम स्थित वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर रविवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम के अगले चरण में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता जागरूकता से संबंधित पोस्टर तैयार किए। पोस्टर निर्माण के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन के संदेशों को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया। इसके उपरांत सभी स्वयंसेवकों ने ग्राम सभा सोरम की दलित बस्ती में स्वच्छता रैली निकाली। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने नारे लगाते हुए ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैलाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
रैली का संचालन एवं व्यवस्थापन राजकीय महाविद्यालय के सह कार्यालय प्रभारी नितिन कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में अनुज कुमार, डॉ. संतरेश रानी, आशु प्रजापति, धीरज कुमार तथा लीला सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संयोजन कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द कुमार द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज सेवा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।











