
थाना शाहपुर पुलिस ने बिजली चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 शातिर गिरफ्तार मुजफ्फरनगर। जनपद में बिजली विभाग से जुड़े चोरी के मामलों में थाना शाहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रांसफार्मर की कॉइल और बिजली के तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान चोरी के कुल 8 अभियोगों का सफल अनावरण किया गया है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों पर बड़ी चोट मानी जा रही है। पु
थाना शाहपुर पुलिस ने बिजली उपकरण चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 शातिर गिरफ्तार
शाहपुर। जनपद में बिजली विभाग से जुड़े उपकरणों की चोरी के मामलों में थाना शाहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ट्रांसफार्मर की कॉइल और बिजली के तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान चोरी के कुल 8 अभियोगों का सफल अनावरण किया गया है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 02 फरवरी 2026 को थाना शाहपुर पुलिस टीम बाबूजी फिलिंग स्टेशन के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से तेज गति से आ रहे एक छोटे हाथी वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने बैरियर तोड़ते हुए वाहन को भगाने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, जिसके दौरान वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, हालांकि सतर्कता के चलते पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 2 तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा, 4 नाजायज चाकू, ट्रांसफार्मर की लगभग 200 किलो तांबे की कॉइल, 20 किलो एलुमिनियम तार तथा घटना में प्रयुक्त एक छोटा हाथी वाहन बरामद किया गया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे मुजफ्फरनगर व आसपास के क्षेत्रों में सुनसान स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को काटकर उनसे तांबे की कॉइल और बिजली के तार चोरी करते थे। इसके बाद चोरी का यह सामान कबाड़ी व अन्य माध्यमों से बेचकर मोटी रकम कमाते थे। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस साहसिक और सराहनीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर ने थाना शाहपुर पुलिस टीम को ₹15,000 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। जनपद पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल बिजली चोरी के मामलों पर अंकुश लगेगा, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।











